PUBLISHED : 20-Dec-2014
नई दिल्ली. राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली समेत पूरे उत्तर भारत में सर्दी का प्रकोप जारी है। हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और बिहार में शुक्रवार को शीतलहर और कोहरे का असर रहा। राजधानी दिल्ली में शुक्रवार को दिन में अधिकतम तापमान 16.4 डिग्री रहा। पिछले पांच सालों में 19 दिसंबर को यह सबसे ठंडा दिन रहा। न्यूनतम तापमान 7.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दोपहर तक कोहरा भी रहा, जिसके कारण कई स्थानों पर वाहन रेंगते नजर आए। मौसम विभाग के अनुसार, 25 दिसंबर तक ऐसा ही मौसम बने रहने की संभावना है। इसके बाद राजस्थान के ऊपर बन रहे कम दबाव के चक्रवात से बारिश लोगों की मुश्किल बढ़ा सकती है।
100 ट्रेनें प्रभावित
शीतलहर और कोहरे के चलते करीब 100 ट्रेनें प्रभावित हुई हैं। हालांकि, किसी ट्रेन को रद्द नहीं किया गया है।
यूपी में कोहरे ने ली नौ लोगों की जान
उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर इलाके में शुक्रवार सुबह 10 बजे घने कोहरे के कारण एक मैजिक खड़े ट्रक में जा घुसी। हादसे में नौ लोगों की मौत हो गई, जबकि नौ अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना सिंघौली थाना क्षेत्र में पेट्रोल पंप के पास हुई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मैजिक के परखच्चे उड़ गए। हादसे में नौ लोगों की मौत मौके पर ही हो गई। सभी घायलों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनमें से छह की हालत गंभीर है।
सात उड़ानें रद्द, 117 पर भी असर
घने कोहरे और खराब मौसम के चलते इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से करीब 117 उड़ानों का परिचालन प्रभावित रहा। यहां से सात उड़ानें रद्द कर दी गईं। इनमें से छह स्पाइसजेट की हैं। एयरपोर्ट प्रवक्ता के अनुसार, गुरुवार रात्रि करीब 10.35 बजे एयरपोर्ट पर विजिबिलिटी 500 मीटर से नीचे पहुंचने के बाद लो विजिबिलिटी प्रोसीजर लागू कर दिया गया था। लो विजिबिलिटी प्रोसीजर शुक्रवार दोपहर करीब 12.30 बजे तक लागू रहा। इस दौरान करीब 52 फ्लाइट्स विलंब से अपने गंतव्यों के लिए रवाना हो सकीं। वहीं, 59 उड़ानों को देरी से आईजीआई एयरपोर्ट पर लैंड कराया जा सका। इस दौरान सात उड़ानों को रद्द भी किया गया, जिनमें देहरादून, श्रीनगर, बेंगलुरु और कोलकाता जाने वाली फ्लाइट्स शामिल हैं।