PUBLISHED : 15-Jul-2016
फ्रांस के नाइस शहर में बेस्टाइल डे के मौके पर शुक्रवार को आतिशबाजी देख रहे लोगों की भीड़ में एक ट्रक चालक ने हथियारों से भरा ट्रक घुसा दिया, जिसमें 77 लोग मारे गये गए।
राष्ट्रपति फ्रांस्वा ओलांद ने इसे एक आतंकी हमला होने से इनकार नहीं किया है। उन्होंने कहा कि यह हमला फ्रांस की आत्म पर हमला है।
स्थानीय मीडिया ने अधिकारियों के हवाले से यह जानकारी दी। पुलिस ने घटना के बाद ट्रक चालक को गोली मार दी। ऐसी आशंका जताई जा रही है कि ट्रक चाल का एक और साथी हो सकता है।
इस हमले में फिलहाल किसी भारतीय के हताहत होने की खबर नहीं है। पेरिस स्थित भारतीय दूतावास ने हेल्प लाइन नंबर +33-1-40507070 जारी किया है।
उप प्रधान सेबेस्टियन हम्बर्ट ने बताया कि ट्रक चालक भीड़ में करीब 100 मीटर तक ट्रक चलाता रहा। अन्य अधिकारियों ने घायलों की संख्या 100 से अधिक बताई है।
हम्बर्ट ने कहा कि घटना के बाद शहर के आसपास रहने वाले लोगों को घरों में रहने की सलाह दी गयी है। उन्होंने इसे पूरी तरह आपराधिक हमला करार दिया। ट्रक चालक की अभी तक पहचान नहीं हो सकी है।
स्थानीय प्रशासन प्रमुख क्रिस्टियन एस्ट्रोसी ने बीएफएम टीवी से कहा कि हमलावर ने भीड़ पर गोलियां बरसाईं। उन्होंने कहा कि ट्रक में हथियार और ग्रेनेड बरामद किये गये।
इस घटना से करीब आठ महीने पहले गत नवंबर में इस्लामिक स्टेट ने पेरिस में हमला किया था, जिसमें 130 लोगों की मौत हुयी थी।
आतंकी हमले का जवाब देने के लिए भारत फ्रांस के साथः राष्ट्रपति मुखर्जी
राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी ने इस आतंकी हमले की कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि इस हमले का जवाब देने के लिए भारत फ्रांस के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है। आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में भारत फ्रांस और अन्य देशों के साथ सहयोग को और मजबूत करेगा। उन्होंने मारे गए लोगों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द स्वास्थ होने की कामना की।